16 फरवरी से प्रारंभ हो रही यूपी बोर्ड परीक्षा को बेहतर ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से उठाया गया कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा 16 फरवरी से प्रारंभ हो रही है। ऐसे में संपूर्ण परीक्षा अवधि में जिले में बनाए गए कुल 115 केंद्रों के एक किलोमीटर सीमा में स्थित फोटो कॉपी व स्कैनर की दुकानों को बंद रखा जाएगा। इसके साथ ही परीक्षा व्यवस्था की शुचिता को बनाए रखने वाले सभी आवश्यक प्रबंधों को भी किया जाएगा। इसमेंं शिथिलता पर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई भी होगी।
परीक्षा केंद्र पर तैनात किए गए स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्रों पर नकलविहीन, पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के लिए पूर्ण रूप से उत्तरदायी होंगे। सेक्टर में नकल को रोकने की जिम्मेदारी सेक्टर मजिस्ट्रेट की होगी। इसमें शिथिलता पाए जाने पर संबंधित लोगों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। केंद्रों पर सुरक्षा के संबंध में सभी आवश्यक प्रबंध भी किए जाएंगे।
कक्ष निरीक्षकों को पहचानपत्र के साथ रखना होगा आधार
परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षक ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को पहचानपत्र के साथ अपना आधार भी साथ रखना होगा। ताकि स्पष्ट किया जा सके कि कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी वास्तविक में वही शिक्षक कर रहे हैं, जिनकी ड्यूटी लगी है।
कोट
बोर्ड परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी व कुशलता पूर्वक संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी कर्मी अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करें। इसमें लापरवाही करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई भी होगी।
-सत्येंद्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक