परतावल। श्यामदेऊरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बासपार कोठी टोला पिपरा में शनिवार की देर रात एक व्यक्ति खून से लथपथ अपने कमरे में मिला। उसका हाथ पैर बंधा हुआ था। अगल-बगल के लोगों ने देखा तो इसकी सूचना डायल 112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से उसे सीएचसी परतावल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, बासपार कोठी के पिपरा टोला निवासी रामपत (55) को खून से लथपथ कुछ ग्रामीणों ने घर पर देखा। पास जाकर देखा तो उनका हाथ पैर बंधा हुआ था। थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि घायल रामपत की पत्नी मानसिक रोगी है। उसी ने इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।