शिकायत के बाद परियोजना को सौंपी गई थी मामले की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। मनरेगा के कार्यों में की जा रही धांधली में एक और करतूत सामने आई है। इस बार सदर ब्लॉक के तरकुलवा गांव में सौराहां पोखरी के खोदाई कार्य के नाम पर धांधली की गई है। पिछले दिनों इस मामले की शिकायत मुख्य विकास अधिकारी से की गई थी। परियोजना निदेशक की जांच में मिला कि यहां पर बिना काम कराए ही भुगतान किया गया है। अब जांच पूरी हो जाने के बाद विभाग आरोपियों पर कार्रवाई करने में जुटा है।
परियोजना निदेशक राकेश कुमार पांडेय ने बताया कि सदर ब्लॉक के तरकुलवा गांव में सौरहां पोखरी के खोदाई कार्य और निर्माण पर 20 लाख रुपये, सामग्री पर एवं 17,7,0860 रुपये श्रमांश पर भुगतान किया गया है। मामले की जांच पूरी कर ली गई है। जल्द ही रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई के लिए मुख्य विकास अधिकारी को प्रेषित की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी से हुई थी शिकायत
सदर ब्लॉक के तरकुलवां गांव में वित्तीय वर्ष 2019-20 में सौरहा पोखरी के खोदाई कार्य के नाम पर लगभग 38 लाख का फर्जी भुगतान होने की शिकायत मुख्य विकास अधिकारी से की गई थी। यह बताया गया था कि बिना काम कराए ही 17,7,0860 रुपये श्रमांश पर और 20 लाख रुपये ईंट व सीमेंट पर भुगतान किया गया है। मौके पर कोई काम हुआ ही नहीं है। कार्य का आईडी फाॅरेस्ट विभाग से बना है। भुगतान सदर ब्लॉक द्वारा किया गया है। मामले की शिकायत 27 सितंबर 2022 को मुख्य विकास अधिकारी से की गई। सीडीओ ने 29 सितंबर को ही तीन सदस्यीय टीम का गठन कर मामले की जांच करने का आदेश दिया था।