महराजगंज। शनिवार को जिला अस्पताल के एक्स रे कक्ष में लो वोल्टेज की समस्या से मरीजों को काफी परेशानी हुई। सुबह से एक्स रे कराने आए मरीजों को दुश्वारियां झेलनी पड़ी। लो वोल्टेज की समस्या होने से एक्स रे मशीन बंद हो जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, सुबह में जिला अस्पताल में कम वोल्टेज के कारण एक्सरे सेवा प्रभावित रही। मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले भर से मरीज उपचार के लिए यहां आते हैं। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्रों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से भी यहां मरीजों को रेफर किया जाता है। दोपहर बाद समस्या दूर हुई। उसके बाद मरीजों का एक्स रे शुरू हुआ। मरीज अनीता ने कहा कि सुबह में जिला अस्पताल में एक्स रे कराने गई थी, लेकिन लो वोल्टेज की समस्या से एक्स रे नहीं हुई। मायूस होकर घर लौट आई। मरीज लौटन का कहना है कि मेरे दाहिने हाथ में दर्द लगभग एक सप्ताह से हो रहा है। चिकित्सकों से सलाह लेने पर एक्स रे कराने की सलाह दिए थे। जिला अस्पताल में 10:30 बजे एक्स रे कराने के लिए गया था, लेकिन लो वोल्टेज की समस्या के चलते कार्य प्रभावित हो रहा था। इसलिए बिना एक्स-रे कराएं वापस घर जा रहा हूं।
सीएमएस डॉ. एपी भार्गव का कहना है कि शनिवार को अस्पताल में बिजली के वोल्टेज कम रहने के कारण कुछ देर तक एक्सरे सेवा प्रभावित रहा। मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।