-ट्रेनों की लेटलतीफी से परेशान होकर टैक्सी या बस का सहारा लेते हैं यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
नौतनवा। गोरखपुर-नौतनवा रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन समय से न होने पर यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है, जिससे लोग अपने नियत समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। ट्रेन के लेट होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सोमवार को इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन नंबर-15105 का नौतनवा स्टेशन पर एक घंटे 10 मिनट देर से पहुंची। उसके आने का समय 12: 25 बजे और जाने का समय तीन बजे है। इसी तरह से ट्रेन नंबर-05469 सवारी गाड़ी का समय नौतनवा रेलवे स्टेशन पर आने का समय सुबह 8:50 बजे है और जाने का समय 9:50 बजे है। यह ट्रेन 2 से 3 घंटे देर से पहुंच रही है। इससे कुछ यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी से परेशान होकर टैक्सी या बस का सहारा लेते हैं, और कुछ लोग ट्रेन का इंतजार करते हैं।
यात्री गुंजन यादव, सुदर्शन यादव, प्रिया, सुनीता, राजकुमार, पुनीता पाठक ने बताया कि नेपाल के भैरहवा आंख जांच कराने गए थे। ट्रेन देर से आने में परेशानी हो रही है। हम लोग समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच पाएंगे। स्टेशन अधीक्षक जफरे आलम ने बताया कि ट्रेनें आगे से ही देर से आ रही हैं।