मिठौरा। सिंदुरिया शिकारपुर मार्ग पर परिवहन निगम की बस नहीं चलने से प्राइवेट वाहन चालकों की चांदी है। इस मार्ग के किनारे के बेबस ग्रामीणों से निजी वाहन चालक कम दूरी का भी मनमाना किराया वसूलते हैं, जिस पर ध्यान देने वाला कोई नहीं है। सिंदुरिया से शिकारपुर की दूरी महज 12 किलोमीटर है। इस मार्ग पर परिवहन निगम की बस नहीं होने से 30 रुपये किराया देकर आना जाना पड़ता है। इसी मार्ग पर रजवल गांव सिंदुरिया से छह किमी दूरी पर है, जिसका किराया निजी वाहन चालक 20 रुपये लेते हैं। सिंदुरिया से शिकारपुर होते हुए कंचनपुर, मोहनापुर, नरायनपुर, रजवल, रामपुर महुअवां, बल्लो ग्राम सभा के हजारों ग्रामीण गोरखपुर सहित अपने गंतव्य स्थानों की यात्रा करते हैं। सिंदुरिया शिकारपुर मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्री रमेश गुप्ता, फेकू चौधरी, मोहन प्रसाद, गुड़िया देवी, रमाशंकर आदि का कहना है कि इसकी शिकायत कई बार पुलिस से की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। संवाद