अक्षरधाम मंदिर जैसा पंडाल बन रहा लोगों के आकर्षण का केंद्र
सिसवा बाजार। शारदीय नवरात्र पर नगर में दुर्गा पूजा महोत्सव में सिसवा श्री बाल दुर्गा पूजा समिति दूरभाष केंद्र द्वारा बनाया जा रहा अक्षरधाम पंडाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बनने लगा है। अभी पंडाल का निर्माण हो ही रहा है, लेकिन इसे देखने आने वालों की भीड़ अब से ही लगने लगी है। इस भव्य पंडाल में दिल्ली के प्रसिद्ध अक्षरधाम मंदिर के प्रतिरूप का दर्शन करने को मिलेगा।
सिसवा बाज़ार के सुप्रसिद्ध बाल दुर्गा पूजा सेवा समिति रेलवे स्टेशन रोड दूरभाष केंद्र के अध्यक्ष गंगा सागर जायसवाल ने बताया कि पंडाल को अक्षरधाम मंदिर जैसी आकृति देने की कोशिश की जा रही है। नवरात्र में श्रद्धालु माता जगदंबा के विभिन्न रूपों का दर्शन प्राप्त करेंगे। साथ ही कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। वहीं पर्यावरण संरक्षण के लिए भक्तों को प्रसाद के रूप में पौधे वितरित किए जाएंगे। इसका मकसद है कि लोग ज्यादा से ज़्यादा पौधे रोप कर पर्यावरण को सुरक्षित कर सकें। संवाद