महराजगंज। नेपाल में बृहस्पतिवार से भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण तीन दिन काठमांडों जाने के सभी मार्ग बंद हो गए थे। सोमवार से आवागमन शुरू हो गया। नवलपरासी के दाउनने में मंगलवार की सुबह मुख्य सड़क धंस गई जिसके कारण सोनौली से नारायण घाट मुगलिंग सड़क खंड पर एक तरफ से वाहनों का संचालन किया जा रहा है। बड़े वाहनों को रास्ते में रोक दिया गया है। सड़क निर्माण के लिए रात में आवागमन पर पूर्ण रूप से रोक है।
पूर्व-पश्चिम राजमार्ग के अंतर्गत पश्चिम नवलपरासी में पुल के रखरखाव के कारण मंगलवार रात 10 बजे से बुधवार सुबह 5 बजे तक यातायात बाधित रहेगा। मंगलवार सुबह सड़क पर पानी भर गया और यातायात अवरुद्ध हो गया। जिला प्रशासन कार्यालय पश्चिम नवलपरासी ने एक अधिसूचना जारी कर एक अक्तूबर की रात 10 बजे से 2 अक्तूबर की सुबह 5 बजे तक गैर जरूरी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है।
मुख्य जिला अधिकारी स्किम श्रेष्ठ ने कहा कि सड़क को बंद कर मरम्मत की जा रही है क्योंकि जो डायवर्सन बनाया गया है वह बारिश होने पर बह सकता है। पूर्व-पश्चिम राजमार्ग के अंतर्गत दौउने में सोमवार रात बाढ़ आने से सड़क अवरुद्ध हो गई है। क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय, बर्डघाट की संचार शाखा के कमल थापा ने बताया कि छोटे वाहनों और बाइक का आगमन शुरू हो गया है।