चौक बाजार। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम सभा गनेशपुर टोला दमका में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गनेशपुर टोला दमका निवासी रामप्यारे (पप्पू चौधरी) मंगलवार दोपहर अपने कमरे में मरणासन्न अवस्था में पड़े मिले। पत्नी सरोज ने शव को देखकर शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन उसे निजी साधन से इलाज के लिए निचलौल ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए। घर पहुंचने के बाद परिजन शव को नहलाकर अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी किसी ने इसकी सूचना चौक पुलिस को दी। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि परिजनों के अनुसार मृतक किसी बीमारी से ग्रसित था, कई डॉक्टरों से इलाज कराया गया लेकिन वह ठीक नहीं हो सका। मौत के वास्तविक कारणों की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।