पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिसवा बाजार। कस्बे के सुभाष नगर वार्ड निवासी एक व्यक्ति मंगलवार बांस काटने के दौरान पैर फिसल कर नीचे गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों व आसपास के लोग घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सिसवा नगर वार्ड नंबर तीन सुभाष नगर सेमरहवा निवासी नथुनी कुशवाहा खेत में मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। घर में छप्पर ठीक करवाने के लिए सुबह पासी टोला बांस काटने गए थे। उनके पुत्र मुन्ना कुशवाहा ने बताया कि वह बांस पर चढ़ कर काट ही रहे थे, तभी उनका पैर फिसल गया और सिर के बल जमीन पर आ गिरे, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गए।
उनको परिजनों और आसपास के लोगों के मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने नथुनी कुशवाहा मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची कोठीभार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मृतक के पुत्र मुन्ना कुशवाहा ने तहरीर दी है। मामला दुर्घटना का है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।