विदेश भेजने के नाम पर एक लाख की ठगी, मुकदमा दर्ज
परतावल। विदेश में एसी मैकेनिक की अच्छी नौकरी की लालच देकर एक व्यक्ति ने एक लाख रुपये हड़प लिया। पीड़ित ने धमकी देने का आरोप लगाया। बड़हरा बरईपार निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद धोखाधड़ी, विश्वास का हनन, अपशब्द व जानमाल की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पनियरा थाना क्षेत्र के मौलागंज निवासी पीड़ित औरंगजेब का आरोप है कि मेरे पुत्र को विदेश में एसी मैकेनिक की नौकरी दिलाने के लिए बड़हरा बरईपार निवासी साहेब अली ने उससे संपर्क किया तो वह उसके झांसे में आ गए। 12 जनवरी 2021 को पीड़ित ने आरोपी को 93 हजार नकदी दिया तथा 5500 रुपये खाते में ट्रांसफर कर दिया। 17 फरवरी को आरोपी साहेब अली ने एसी मैकेनिक की जगह टूरिस्ट वीजा देकर मेरे बेटे को दुबई भेज दिया और कहा कि 15 दिन में एसी मैकेनिक का वीजा मिल जाएगा, लेकिन वहां कोई काम नहीं मिला। किसी तरह घर से 27 हजार रुपये भेजकर उसे वापस बुलाया। तभी से लेकर अब तक अपना पैसा मांगने पर साहेब अली आनाकानी करता रहा और अब जान से मारने की धमकी दे रहा है।
श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष आनन्द कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में आरोपी साहेब अली के खिलाफ धारा धोखाधड़ी समेत अन्य धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।