महराजगंज। जनपद के एक लाख 94 हजार किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। किसान सम्मान निधि योजना के तहत 18 जून को 17वीं किस्त के रूप में दो हजार रुपये प्रति किसान की दर से उनके खातों में पहुंच जाएगी। इस बीच योजना के तहत खाते में राशि आने की जानकारी होने पर किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।
मंत्रिमंडल गठन के बाद प्रधानमंत्री ने सबसे पहले किसानों को बड़ा तोहफा दिया। उन्होंने किसान सम्मान निधि योजना पर सबसे पहले हस्ताक्षर कर यह संदेश देने का प्रयास किया कि उनकी सरकार किसानों के हित को लेकर गंभीर है। इस बीच 18 जून को लाभार्थी किसानों के खाते में योजना के तहत दो हजार रुपये की राशि पहुंचने का रास्ता साफ हो गया।
कृषि विभाग कार्यालय के अनुसार जिले में 513181 किसान हैं। इनमें से अपात्र होने के कारण 1.80 का नाम पहले ही सूची से कट चुका है। ई-केवाईसी व आधार सीडिंग कराने वाले 194889 किसानों को योजना का लाभ मिल रहा है। 18 जून को वाराणसी से प्रधानमंत्री किसानों के खाते में धनराशि भेजेंगे।
80 हजार से अधिक किसानों की ई-केवाईसी नहीं
कृषि विभाग कार्यालय के अनुसार जिले में 80 हजार 23 ऐसे किसान हैं जिन्होंने ई-केवाईसी नहीं कराई है। इसके अलावा 31 हजार किसानों की बैंक में आधार सीडिंग नहीं हो सकी है। इसके चलते संबंधित किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल रहा है। योजना का बेहतर ढंग से दिलाने के लिए उन्हें जल्द से जल्द ई-केवाईसी कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। पूरी उम्मीद है कि 18वीं किस्त से पहले शत-प्रतिशत ई-केवाईसी व आधार सीडिंग का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
किसान सम्मान निधि योजना के तहत 17वीं किस्त की राशि 18 जून को किसानों के खाते में पहुंच जाएगी। इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
- वीरेंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी