निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन पर उपस्थित नहीं मिलीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। नौतनवां क्षेत्र के 10 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सीडीपीओ ने एक दिन का मानदेय राेकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
बीते 28 अगस्त को महराजगंज के जिलाधिकारी ने बैठक के माध्यम से परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया था कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पंचायत भवन पर उपस्थित होकर आयुष्मान कार्ड के लाभार्थियों की सूची प्राप्त करेंगी और लाभार्थियों को प्रेरित कर उन्हें पंचायत भवन पर लाकर उनका आयुष्मान कार्ड बनवाने में पंचायत सहायक का सहयोग करेंगी। इसके बावजूद क्षेत्र के ग्राम पंचायत चकदह में अधिकारियों के निरीक्षण में आंगनबाड़ी कार्यकत्री बिंद्रावती देवी, सुधा देवी, ज्ञानधारी देवी, संगीता पटेल, शकुंतला देवी, शोभा देवी पंचायत भवन पर उपस्थित नहीं मिलीं। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत मुडिला की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता माया देवी और ग्राम पंचायत लुहठहवा में कार्यकर्ता आशा देवी व संध्या देवी गांव के पंचायत भवन पर मौजूद नहीं रहीं। सीडीपीओ अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी करते हुए उनका एक दिवस का मानदेय बाधित करते हुए उन्हें साक्ष्य सहित तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।