सोनौली। एसएसबी की स्पेशल पेट्रोलिंग ड्यूटी पार्टी ने सात बोरी यूरिया खाद के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। असिस्टेंट कमांडेट संदीप सिंह ने बताया कि रविवार सुबह करीब आठ बजे सीमा स्तंभ संख्या 516 (22) से लगभग 800 मीटर पश्चिम, रोहिन नदी के किनारे भारतीय क्षेत्र में करीब 100 मीटर अंदर से यूरिया खाद को तस्करी के जरिए नेपाल ले जाने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान स्पेशल पेट्रोलिंग ड्यूटी पार्टी ने सात बोरी यूरिया खाद बरामद की। इसका वजन 315 किलोग्राम बताया गया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान राजदेव सहानी (53 वर्ष) पुत्र लाल बिहारी, निवासी ग्राम लक्ष्मी नगर, थाना सोनौली के रूप में हुई है। जब्त यूरिया खाद तथा पकड़े गए व्यक्ति को आवश्यक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा के सुपुर्द कर दिया गया है।