महराजगंज जिले में नौतनवां ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत जगरनाथपुर टोला भरिया में रघुनाथ साहनी के घर से पश्चिम की तरफ जाने वाली करीब 150 मीटर कच्ची मिट्टी की सड़क पूरी तरह से खस्ताहाल हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हैं। कच्ची सड़क की मरम्मत के लिए अधिकारियों से फरियाद के बाद सुनवाई नहीं होने पर ग्रामीण श्रमदान कर खुद ही सड़क बना रहे हैं।
गांव के लोगों के अनुसार, करीब 20 वर्ष पहले कच्ची सड़क पर मिट्टी का कार्य हुआ था। तब से लेकर अब तक इस पर मिट्टी का कार्य नहीं कराया गया। बरसात का मौसम शुरू होते ही लोगों की दुश्वारियां बढ़ जाती हैं। सड़क बनवाने के लिए कई बार मांग की गई, लेकिन अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। बुधवार से गांव के लोग परिवार के सदस्यों के साथ सड़क पर मिट्टी की भराई करने में जुटे हैं। बृहस्पतिवार को कच्ची सड़क पर गड्ढों को भरा गया। ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर मिट्टी की भराई काम चार से पांच दिन तक चलेगा।
गांव के घनश्याम साहनी, गोविंद साहनी, रविंद्र साहनी, शेरा साहनी, सचिन, गुड़िया, प्रभावती, अनारपति, मंजू साहनी, विजय साहनी, हीरालाल, चुल्हाई ,राम भरोस आदि काम करने में जुटे हैं। इन्होंने बताया कि गांव के सभी लोग इसी रास्ते से होकर जाते हैं। शेरा साहनी ने बताया कि इसी कच्ची सड़क से पूरे गांव का निकास है। अनारपति ने बताया कि 20 वर्ष पहले सड़क पर मिट्टी का कार्य हुआ था। केवलबासी ने बताया कि इसी रास्ते से लोगों का आना-जाना होता है।
मनरेगा से कच्ची सड़क पर कार्य कराने के लिए स्वीकृत पत्र दिया गया है। मिट्टी का कार्य करा दिया जाएगा। चकरोड आने-जाने योग्य है।
-दिलीप यादव, ग्राम प्रधान, जगरनाथपुर।
कच्ची सड़क को ठीक करा दिया जाएगा। समस्या के बारे में किसी ने शिकायत नहीं की। निरीक्षण कराने के बाद गांव के लोगों की समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
-डॉ. सुशांत सिंह, खंड विकास अधिकारी, नौतनवां।