- पुलिस आरोपी के पास बैंक डिटेल पहुंचने की कर रही जांच
- एसडीएम, थानाध्यक्ष व लेखपाल के बैंक खाते में भेजी थी रकम
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। तहसील के एसडीएम, थानाध्यक्ष और लेखपाल के वेतन बैंक खाते में दो जनवरी को घुघली थानाक्षेत्र के पुरैना खंडी चौराहा निवासी एक व्यक्ति ने रकम भेज दी। वेतन खाते में अचानक रकम आते देख अफसर अवाक रह गए, क्योंकि एक ही बैंक खाते से तीनों खातों में रकम आने से अफसरों को साजिश होने का संदेह होने लगा। आनन-फानन में लेखपाल की तहरीर पर व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज करा दिया गया। लेकिन बगैर कोई काम के किसी भी अफसर के खाते में रकम भेजने की बात लोगों के गले में नहीं उतर रही है।
सूत्र बताते हैं कि निचलौल तहसील क्षेत्र के गांव हनुमानगंज उर्फ पाली स्थित भूमि के सभी दस्तावेज होने के बाद भी रकम भेजने वाले व्यक्ति को कब्जा नहीं मिल पा रहा है क्योंकि उक्त भूमि पर क्षेत्र के एक रसूखदार की ओर से दावा किया जा रहा है। मजे की बात यह है कि पिछले दिनों भूमि पर कब्जा दिलाने के लिए अफसरों की टीम भी मौके पर पहुंची थी। लेकिन पीड़ित को भूमि पर कब्जा नहीं मिला। जिसे लेकर वह महीनों से तहसील का चक्कर काट रहा था।
इस मामले में कलक्ट्रेट विभाग में तैनात एक बाबू से उसके साठगांठ भी बताएं जा रहा है। दो जनवरी को वेतन खाते में रकम भेजने के बाद हरकत में आए अफसरों ने आरोपी पर केस तो दर्ज करा दिया। लेकिन आरोपी तक अफसरों के वेतन बैंक डिटेल और कुछ निजी जानकारियां आखिर कैसे पहुंची।
एसडीएम सत्यप्रकाश मिश्रा का कहना है कि आरोपी के पास कैसे डिटेल पहुंची। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। आरोपी की ओर से भूमि विवाद में दबाव बनाने के लिए ऐसा किया गया होगा।