सिंदुरिया। गांव एवं चौराहों को साफ-सुथरा बनाने व लोगों को खुले में शौच से निजात दिलाए जाने के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में हर घर शौचालय के साथ कई पंचायतों में सार्वजनिक शौचालय का भी निर्माण कराया गया है, लेकिन सिंदुरिया चौराहे पर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण एनओसी के अभाव में पिछले ढाई वर्षों से रुका हुआ है।
दर्जनों गांवों का मुख्य केंद्र सिंदुरिया चौराहे पर हर दिन हजारों लोगों का आवागमन लगा रहता है। बाजार में भले ही हर तरह की सुविधा हो, लेकिन एक सार्वजनिक शौचालय नहीं रहने से बाजार आने वाले लोगों एवं राहगीर को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इस चौराहे पर सार्वजनिक शौचालय बनाए जाने की मांग मजबूती से उठने लगी है।
उद्योग व्यापार मंडल सिंदुरिया के संरक्षक दीपक लाल श्रीवास्तव एवं अध्यक्ष सचिंद्र गुप्त स्थानीय दुकानदार संतोष गुप्त, केशव गुप्त, योगेश मिश्र, उमा यादव, दिनेश अग्रहरी, प्रदीप शर्मा, सोनू गुप्ता, सुधाकर यादव, अजय गुप्ता आदि ने बताया कि शौचालय नहीं होने के कारण महिला यात्रियों को बहुत ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है। चौराहे पर सार्वजनिक शौचालय बनाए जाने की मांग अनेक बार उठाई जा चुकी है। लेकिन कोई इस ओर ध्यान नहीं दे रहा।
लोगों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि यहां सार्वजनिक शौचालय का शीघ्र निर्माण करवाया जाए, ताकि यात्रियों के साथ-साथ दुकानदारों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। ब्लाॅक प्रमुख मिठौरा उर्मिला देवी ने बताया कि सिंदुरिया में सार्वजनिक शौचालय बनाने के लिए प्रस्ताव हो चुका है। जिससे संबंधित भूमि के लिए सिंचाई विभाग से एनओसी मांगा गया है। एनओसी मिलते ही शौचालय का निर्माण करा दिया जाएगा।