अब सरकारी अस्पतालों में बनाया जाएगा शिशुओं का आधार कार्ड
महराजगंज। जिले के सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले शिशुओं का आधार कार्ड कुछ दिनों में बनना शुरू हो जाएगा। बुधवार को लखनऊ में जिला अस्पताल के एक कर्मी ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके अलावा सीएचसी के कंप्यूटर ऑपरेटर को भी प्रशिक्षण दिया गया है।
प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी कंप्यूटर ऑपरेटरों को एक-एक टैबलेट मिला है। सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले शिशुओं की जरूरी जानकारी दर्ज करने के साथ ही आधार कार्ड भी बनाया जाएगा। इस व्यवस्था से बच्चों का आधार कार्ड बनवाने में समस्या नहीं होगी।
अस्पताल में जरूरी जानकारी दर्ज होने के बाद डाक से आधार कार्ड दर्ज घर के पते पर भेजा जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके कंप्यूटर ऑपरेट हरदेव यादव ने बताया कि जिला अस्पताल में जन्म प्रमाणपत्र के साथ ही आधार कार्ड के लिए एक यूनिक आईडी तैयार की जाएगी। इसके लिए माता पिता का आधार कार्ड, जो मोबाइल नंबर से लिंक होगा, वहीं दर्ज किया जाएगा।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि जिला अस्पताल से एक ऑपरेटर को प्रशिक्षण मिला है। आईडी बनाई जा रही है, जल्द ही नवजात शिशुओं का आधार बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इनको मिला है प्रशिक्षण
सीएचसी बृजमनगंज से अनवर हुसैन, धानी से अनंत कुमार, घुघली से अमरजीत, सदर धर्मेंद्र गुप्ता, मिठौरा से अखिलेश, निचलौल से लक्ष्मीकांत, परतावल से संजीव कुमार, फरेंदा से देवेंद्र, सिसवा से आकाश, लक्ष्मीपुर से संदीप, पनियरा से सुरेश, रतनपुर से मनीष, पीएचसी महराजगंज से रवि प्रकाश ने प्रशिक्षण लिया है।