प्रशासन की कार्रवाई से पराली जलाने वाले किसानों और कंबाइन मालिकों में मचा हड़कंप
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। प्रतिबंधित के बावजूद पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की। बृहस्पतिवार को प्रशासन ने 101 किसान और चार कंबाइन मालिकों को जुर्माना के लिए नोटिस जारी कर दिया। ये सभी किसान खेतों में धड़ल्ले से पराली जला रहे थे। इसके साथ ही चार किसानों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर पर्यावरण अधिनियम के तहत केस भी दर्ज कराया है।
तहसील क्षेत्र में पराली जलाने के मामले में तहसीलदार राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि लेखपालों की रिपोर्ट पर क्षेत्र के बैरिया, बेलवा, रुद्रालापुर, सिधावे, ओडवलिया, झरवलिया सहित कई अन्य गांवों के कुल 98 किसानों को पराली जलाने के मामले में नोटिस दिया गया। जबकि, बगैर रीपर के चला रहे चार कंबाइन मालिकों को भी नोटिस जारी किया गया है।
नोटिस के माध्यम से पराली जलाने वाले किसानों पर ढाई हजार रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक का जुर्माना लगा है। इस दौरान फसल कटवा रहे किसानों को जागरूक करते हुए पराली नहीं जलाने का निर्देश दिया गया। पराली जलाने वालों पर सेटेलाइट के माध्यम से निगरानी की जा रही है। सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई होनी तय है। ऐसे में कोई भी किसान अपने खेतों में फसल अपशिष्ट अथवा पराली न जलाएं। वहीं, कंबाइन मालिकों को भी बगैर रीपर फसल कटाई नहीं करने की सलाह देते हुए सख्ती से कार्रवाई की चेतावनी दी।
-
खोन्हौली गांव में सात किसानों पर केस दर्ज
निचलौल। थाना क्षेत्र के खोन्हौली गांव में पराली जलाने के मामले में बृहस्पतिवार को पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर 7 किसानों के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि राजस्व लेखपाल मुन्ना लाल यादव निवासी अरदौना की तहरीर पर खोन्हौली निवासी किसान सक्खु, छोटेलाल, कमलावती, रामचंद्र, ओमप्रकाश,दिनेश और गौरीशंकर के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पराली जलाने पर तीन किसानों पर केस दर्ज
पनियरा। कोतवाली क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों के दो और पनियरा क्षेत्र में तीन किसानों के खिलाफ पराली जलाने के मामले में संबंधित गांवों के लेखपालों द्वारा कोतवाली व पनियरा थाने में केस दर्ज किया गया। तहसीलदार सदर राजेश कुमार यादव का कहना है सदर कोतवाली क्षेत्र के विजयपुर में एक, बड़हरा रानी में एक वहीं पनियरा क्षेत्र के हसखोरी में एक किसान के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।