- 10 जुलाई तक डाटा फीडिंग का कार्य पूरा न कराने वाले विद्यालयों का यू-डायस कोड निरस्त करते हुए मान्यता रद्द करने की होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। यू-डायस प्लस पोर्टल पर विद्यार्थियों का डाटा फीड न करने वाले 91 विद्यालयों को नोटिस जारी किया गया है। विद्यालयों व मदरसों के प्रबंधक व प्रधानाचार्य को भेजे नोटिस में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि डाटा फीडिंग न करने पर 11 जुलाई को जिले के विद्यार्थियों का डाटा फ्रीज कर दिया जाएगा। ऐसे में प्रत्येक दशा में विद्यालयों की ओर से डाटा फीडिंग का कार्य 10 जुलाई तक पूरा कर दिया जाए। ऐसा न करने वाले विद्यालयों का यू-कोड निरस्त होगा, साथ ही उनकी मान्यता रद्द करने की कार्रवाई भी शुरू होगी।
वित्तीय वर्ष 2022-23 में यू-डायस प्लस पोर्टल पर परिषदीय विद्यालयों, मान्यता प्राप्त विद्यालयों व मदरसे के रूप में कुल 3369 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें से शुक्रवार की शाम तक 3278 विद्यालयों ने अपने विद्यार्थियों से संबंधित डाटा को फीड कर दिया है। शेष बचे 91 विद्यालयों व मदरसों की ओर से इस दिशा में सार्थक पहल नहीं की जा रही है। इनमें से 21 मदरसों व 70 विद्यालयों ने अब तक अपना डाटा फीड करने में रूचि नहीं दिखाई है। अब जबकि तीन दिनों में विद्यार्थियों का डाटा फ्रीज किया जाना है तो सभी मदरसों व विद्यालयों के प्रबंधक अथवा प्रधानाचार्य को चेतावनी नोटिस जारी करते हुए डाटा फीड कराने को कहा गया है।
यू-डायस पोर्टल पर डाटा फीडिंग में रूचि नहीं दिखाने वाले 91 विद्यालयों व मदरसों के प्रधानाचार्य व प्रबंधक को चेतावनी नोटिस जारी करते हुए शत-प्रतिशत फीडिंग के निर्देश दिए गए हैं। सुधार न होने पर मान्यता रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।
सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी