चौक बाजार। स्थानीय नगर पंचायत स्थित गुरु गोरखनाथ सामुदायिक स्वस्थ्य केंद्र में तीन महीने से एक्सरे मशीन खराब है। इससे मरीजों को 13 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल जांच के लिए जाना पड़ता है। मजबूरी में कई मरीज निजी सेंटरों पर एक्सरे करा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरु गोरक्षनाथ नगर वार्ड में 30 बेड का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित है। एक्सरे टेक्नीशियन की तैनाती है। फेफड़े की टीवी तथा हड्डी के फ्रैक्चर की संभावना होने पर चिकित्सक रोगियों से एक्सरे कराने की सलाह देते हैं। एक्सरे रिपोर्ट के आधार पर टीवी का इलाज तथा प्लास्टर किया जाता है। लेकिन तीन महीने से एक्सरे मशीन खराब है। जिसका नतीजा है कि रोगियों का इलाज नहीं हो रहा है। मरीज निजी अस्पताल में जाकर मोटी रकम देकर इलाज कराने को मजबूर हैं।
रुदलपुर निवासी विजय ने बताया कि बेटी अमृता के हाथ में मोच आने से सूजन आ गया था। हाथ में तेज दर्द होने के कारण वह रो रही थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि चौक के सरकारी अस्पताल में हड्डी के चोट का इलाज होता है। जरूरत पड़ने पर एक्सरे की व्यवस्था भी है। इलाज के लिए बेटी को लेकर आया हूं तो चिकित्सक ने बताया है कि मशीन खराब है। अब बेटी को लेकर महराजगंज जा रहा हूं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राम स्वरूप सिंह ने बताया कि पिछले तीन महीने से मशीन खराब है। उच्चाधिकारियों को चार पांच बार लिखित सूचना दे चुका हूं। मरम्मत होने के बाद सुविधाएं शुरू कर दी जाएंगी।