- मत्स्य विभाग की ओर से योजना के तहत नाव केे मूल्य की 40 प्रतिशत धनराशि अनुदान के रूप में मिलेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। मछुआरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने व उनके जीवन स्तर को सुधारने के उद्देश्य से मत्स्य विभाग की ओर से पहल शुरू हुई है। उनके विकास के दृष्टिगत प्रदेश सरकार की ओर से निषादराज बोट सब्सिडी योजना शुरू हुई है, जिसके तहत पात्र आवेदकों को नाव खरीदने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। नाव केे कुल मूल्य में से 40 प्रतिशत की धनराशि अनुदान के रूप में मिलेगी।
योगी सरकार ने मछुआरों को बढ़ावा देने के लिए जो योजना प्रारंभ की है उसके तहत प्रत्येक पात्र आवेदक को नाव खरीदने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान किया जाना है। ऐसे मछुआरे जिनके पास पट्टे अथवा निजी तालाब उपलब्ध हैं, वे ही योजना के तहत पात्र माने जाएंगे। ऐसे में एक एकड़ के तालाब के मानक को पूरा करने वाले मछुआरे मत्स्य विभाग में आवेदन करें व योजना का लाभ उठाएं।
-
प्रत्येक नाव की खरीद के लिए मिलेंगे 67 हजार रुपये
योजना के तहत प्रत्येक नाव की खरीद के लिए 67 हजार रुपये मिलेंगे। इसमें में 26 हजार 800 रुपये अनुदान के रूप में प्राप्त होंगे।
आवेदन में लगेंगे ये कागजात
योजना का लाभ लेने के लिए कुछ कागजात की जरूरत पड़ेगी। निषादराज नाव सब्सिडी योजना के तहत आवेदन करते समय फोटो, आधार कार्ड की छायाप्रति, बैंक पासबुक की छायाप्रति, भूमि संबंधित अभिलेख, शपथ पत्र, मत्स्य समृद्धि फार्म, जाति प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस आदि नियमानुसार अपलोड करना होगा।
-
मछुआरों के विकास के दृष्टिगत निषादराज बोट सब्सिडी योजना प्रारंभ की गई है। अब तक 42 आवेदन प्राप्त हुए हैं। निषाद समाज के अन्य इच्छुक लोग भी योजना का लाभ उठाएं।
रामदवर, प्रभारी सहायक निदेशक
-