मांगों को लेकर इमरजेंसी सेवा को छोड़कर सभी सेवाएं की ठप
-आंख दिखाने पहुंचे सैकड़ों भारतीय मरीजों को हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। नेपाल मेडिकल काउंसिल के नेतृत्व में नेपाल के डॉक्टरों ने रविवार को स्वास्थ्य संस्थानों में आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी स्वास्थ्य सेवाएं बंद कर दीं। डॉक्टर हड़ताल पर चले गए, जिससे मरीजों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। इधर भारत से रूपनदेही जिले के भैरहवां पहुंचे सैकड़ों मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
नेपाल मेडिकल एसोसिएशन के सदस्य डॉ. विकास थापा और डॉ. सांचो पर हॉस्पिटल हेटौंडा में मरीजों ने जानलेवा हमला कर दिया था। इसके विरोध में डॉक्टरों ने पूरे नेपाल में आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से बंद कर दीं। मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अनिल विक्रम कार्की ने बताया कि रविवार को स्वास्थ्य संस्थानों में गैर-आपातकालीन सेवाओं की अनुमति नहीं दी जाएगी। डॉक्टर इस मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं कि 15 सितंबर को सांचो हॉस्पिटल हेटौंडा में डॉक्टर पर हुए जानलेवा हमले में शामिल दोषियों को तुरंत पकड़ा जाए।
भैरहवां आंख अस्पताल पहुंचे भारतीय मरीज सुरेंद्र कुमार निवासी गाजीपुर, अविनाश निवासी देवरिया, सरगम निवासी बगहा, असलम निवासी लार सहित कई लोगों ने बताया कि इलाज नहीं हुआ, वापस जा रहे हैं। हड़ताल के बाद आया जाएगा। गोरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, जौनपुर, पडरौना, गोला, बाराबंकी के करीब दो सौ से अधिक लोग वहीं रुके हुए हैं। वे हड़ताल खत्म होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।