महराजगंज। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की जांच के बाद मेडिकल कॉलेज को लाइसेंस मिल जाएगा। कॉलेज प्रशासन की ओर से तैयारी की जा रही है। 25 जून को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की टीम जांच करने आएगी। उसके मानकों को हर स्तर से पूरा किया जा रहा है। इस सत्र में मेडिकल की पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
केएमसी मेडिकल काॅलेज पीपीपी मोड पर है। कॉलेज में अध्ययन कक्ष, प्रयोगशाला समेत अन्य व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से बनी हैं। मेडिकल काॅलेज का पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरे से लैस हो चुका है। जिले में मेडिकल की पढ़ाई के साथ अब बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी।
15 एकड़ में तैयार मेडिकल काॅलेज में भव्य गेट के साथ ही प्रशासनिक बिल्डिंग, एकेडमिक बिल्डिंग, हाॅस्टल, कर्मचारी आवास तैयार हो चुके हैं। काॅलेज प्रशासन की ओर से आंतरिक टीम कार्यों की जांच करने में जुटी है। मेडिकल काॅलेज में 150 सीटों पर प्रवेश परीक्षा के जरिए होगा। जिले की 30 लाख की आबादी को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। उनको गंभीर रोगों के इलाज के लिए गोरखपुर और बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा।
नजदीक में इलाज की सुविधा होने से समय व रकम दोनों की बचत होगी। मेडिकल में बेहतर ढंग से पढ़ाई की सुविधा होने के साथ ही अत्याधुनिक संसाधन हैं। यहां पर हाईटेक ट्राॅमा सेंटर होगा। इससे गंभीर रूप से घायलों को त्वरित इलाज की सुविधा है। हृदय रोगियों के लिए भी अच्छी सुविधा है। गंभीर बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती हो चुकी है। टीम की जांच को लेकर हर स्तर पर बेहतर ढंग से तैयारी की जा रही है। पीपीपी मोड पर 200 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज बना है। 630 बेड का अस्पताल भी व्यवस्थित हो चुका है।
स्टाफ के साथ अत्याधुनिक लाइब्रेरी तैयार
पीपीपी मोड पर केएमसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को डेढ़ सौ सीटें मिली हैं। सत्र 2024 में एमबीबीएस के छात्र इस नव निर्मित मेडिकल कॉलेज में शिक्षा ग्रहण करेंगे। जूनियर रेजिडेंट 76, सीनियर रेसिडेंट 38, असिस्टेंट प्रोफेसर 53, एसोसिएट प्रोफेसर 22, प्रोफेसर-29, साइकोलॉजिस्ट एक, सांख्यिकी अधिकारी एक की तैनाती हो चुकी है। अब तक 220 स्टाफ की तैनाती हो चुकी है। मेडिकल कॉलेज में लेक्चर थियेटर, पुस्तकों से सुसज्जित लाइब्रेरी, सभी विभागों के उच्च स्तरीय प्रयोगशाला के साथ सभी सुविधाएं उपलब्ध है।
मेडिकल कॉलेज में सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध हैं। स्टाफ से लेकर अन्य व्यवस्थाएं बेहतर की गई हैं। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञों की पूरी टीम है। बेहतर ढंग से पढ़ाई के साथ इलाज की सुविधा उपलब्ध है। एएमसी की टीम 25 को जांच करेगी। इसके लिए तैयारी तेजी से की जा रही है।
-विनय कुमार श्रीवास्तव, चेयरमैन, केएमसी मेडिकल कॉलेज