महराजगंज। सोमवार को महराजगंज नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मियों ने संविदा पर तैनात सफाईकर्मियों को नियमित करने और राज्यकर्मी का दर्जा और सुविधा देने के लिए प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन ईओ को सौंपा। स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के बैनर तले दिए ज्ञापन में कहा गया है कि शासनादेश जारी हुआ कि निकाय कर्मी जो 2016 से कार्यरत हैं उन्हें नियमितीकरण का लाभ दिया जाए, लेकिन अभी तक यह प्रभावी नहीं किया गया। एक समान वेतनमान का लाभ भी कर्मियों को नहीं मिल रहा है और न ही खाली पदों पर योग्यता धारकों का समायोजन ही किया जा रहा। पुरानी पेंशन योजना का लाभ भी नहीं मिल रहा है। प्रदेश के सभी नगर निकायों में सफाईकर्मी इसका दंश झेल रहे हैं। तत्काल आउटसोर्सिंग से भर्ती पर रोक लगाते हुए सफाईकर्मियों को राज्य कर्मी का दर्जा और सुविधा दी जाए। इस दौरान उमाशंकर, सूर्यभान, प्रमोद, मुनिन्दर, कांती, रोहित, रमेश, कैलाश, श्रीराम, राजेश, मुकेश आदि ज्ञापन देने वालों में शामिल रहे। संवाद