यात्रियों को करना पड़ रहा परेशानी का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। महराजगंज से मुजुरी जाने वाली रोडवेज बस सेवा बंद हो गई है। फरेंदा मार्ग पर एक बस कम चल रही है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल गेट के पास रोडवेज बस का इंतजार कर रहे राजेश ने बताया कि फरेंदा जाना है, लेकिन बस नहीं मिल रही है। इस मार्ग पर रोडवेज की दो बसें चलती थीं। अब एक बस कम कर दी गई है। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। मुजुरी क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी राम गुलाम प्रसाद ने बताया कि पहले मुजुरी से रोडवेज की बस मुख्यालय तक चलती थी, लेकिन एक साल से बंद होने से परेशानी हो रही है।
डॉ. राम बचन ने बताया कि प्रतिदिन मुख्यालय आना पड़ता है। रोडवेज बस में कम किराया देना पड़ता था, लेकिन मुजुरी के लिए बस बंद होने पर प्राइवेट वाहनों से आने पर अधिक किराया देना पड़ रहा है।
रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सर्वजीत वर्मा ने बताया कि सभी मार्गों पर बसों का संचालन हो रहा है। कहीं किसी प्रकार की परेशानी नहीं है। अगर परेशानी सामने आएगी तो समाधान किया जाएगा।