- मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग में प्रवेश के लिए हुई लिखित परीक्षा में 407 ने किया था प्रतिभाग, 302 हुए सफल
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग के लिए युवाओं में एसएससी (स्टेट सिलेक्शन कमीशन) के प्रति अधिक उत्साह है। वहीं, एनडीए व सीडीएस की तैयारी के प्रति रुचि नहीं देखी जा रही है। मानक से कम आवेदन को देखते हुए इच्छुक आवेदकों को अविलंब जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में पंजीकरण कराने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग के तहत जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में युवाओं को यूपीएससी, जेईई व नीट, एनडीए व सीडीएस, टीजीटी व पीजीटी, यूजीसी नेट व एसएससी में प्रशिक्षित किए जाने के लिए 30 जून तक कुल 407 लोगों ने आवेदन किए। जिसके क्रम में एसएससी में सर्वाधिक 121, यूपीएससी में 98, जेईई व नीट मेंं 86, यूजीसी नेट में 46, टीजीटी व पीजीटी में 43 एवं एनडीए व सीडीएस में 13 लोगों ने परीक्षा के लिए रूचि दिखाई। परीक्षा में आवेदन करने वालों मेें एसएससी के सर्वाधिक 84, जेईई में 70, यूपीएससी में 67, टीजीटी व पीजीटी में 36, यूजीसी नेट में 35 एवं सीडीएस व एनडीए में 10 लोगों को सफल घोषित किया गया। ऐसे में सफल घोषित आवेदकों की कोचिंग एक सप्ताह में प्रारंभ होगी। कम संख्या को देखते हुए इच्छुक आवेदकों से अविलंब आवेदन को कहा गया है।
मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग के तहत युवाओं को तैयारी में सहयोग करने के लिए समाज कल्याण विभाग तत्पर है। युवा इसका लाभ उठाना सुनिश्चित करें।
शंकर लाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी
-