डीएम ने मंदिर में हो रहे निर्माण कार्य का लिया जायजा
महराजगंज। जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार द्वारा बाबा गोरखनाथ मंदिर, चौक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और सोनाड़ी देवी मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। मंदिर में हो रहे निर्माण कार्यों के संदर्भ में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अवशेष कार्य शीघ्र पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने मंदिर के पास निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर जल-निकासी के लिए नाली मरम्मत का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र के पीछे मौजूद गड्ढों में जल्द से जल्द मिट्टी के भराव का निर्देश दिया जिससे जलभराव न होने पाए। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी सोनाड़ी देवी मंदिर परिसर भी गए और वहां निर्माणाधीन यात्री-निवास और सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया। सामुदायिक शौचालय में टाइल्स पर गंदगी देख, उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए, शीघ्र साफ करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने शौचालय के सामने की सड़क को भी दुरुस्त करने का निर्देश दिया जिससे आने-जाने वालों को असुविधा न होने पाए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट साई तेजा सीलम आदि मौजूद रहे।