मॉकड्रिल कर परखीं कोरोना से बचाव की तैयारियां
जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हुआ पूर्वाभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। कोरोना से बचाव के लिए रविवार की सुबह जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पूर्वाभ्यास किया गया। कोरोना मरीज मिलने पर कैसे त्वरित इलाज होगा, इसका पूर्वाभ्यास करने के साथ ही संसाधनों की क्षमता भी परखी गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नीना वर्मा के नेतृत्व में घुघली सीएचसी पर पूर्वाभ्यास किया गया। उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल पूरी तरह से तैयार हैं। सभी संसाधन दुरुस्त हैं। पूर्वाभ्यास के जरिये कार्यक्षमता की परख की गई। कोरोना से निपटने के लिए पूरी तैयारी है।
नौतनवां सीएचसी में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश कुमार के नेतृत्व में पूर्वाभ्यास किया गया। इसमें अस्पताल में लगाए गए सभी उपकरण चालू अवस्था में मिले। मॉकड्रिल में दिखाया गया कि कोरोना पीड़ित मरीज को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया। यहां एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार की देखरेख में डॉ. अखिलेश कुमार यादव एवं उनकी टीम पल्स व बीपी लेने के बाद मरीज के उपचार में जुट गई।
एसीएमओ ने कहा कि सभी उपकरण चालू अवस्था में हैं। ऐसे मरीजों के आने पर सर्वप्रथम चिकित्सकों की टीम द्वारा उसका हौसला बढ़ाना चाहिए, ताकि मरीज डरे नहीं और इलाज में सहयोग कर सकें। इस दौरान राजेश वर्मा, हरिनाथ यादव, मुदिता त्रिपाठी, अखिलेश पांडेय, अमीषा विलियम, प्रेमलता, रंभा आदि मौजूद रहीं।