महराजगंज। शासन ने ऑनलाइन छात्रवृत्ति फाॅर्म भरने के लिए मोबाइल नंबर अंकित करना अनिवार्य कर दिया है। एक मोबाइल नंबर से सिर्फ एक ही विद्यार्थी का फॉर्म भरा जा रहा है। ऐसे में जिनके घर एक मोबाइल है और पढ़ने वाले बच्चे कई हैं तो उन्हें परेशानी हो रही है।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार शासन की तरफ से 30 दिसंबर तक ऑनलाइन छात्रवृत्ति फॉर्म भरने की तिथि निर्धारित की गई है। इस वित्तीय वर्ष में छात्रवृत्ति फॉर्म भरने के लिए नई व्यवस्था शुरू की गई है। इसके तहत विद्यार्थी को छात्रवृत्ति फॉर्म भरते समय मोबाइल लिंक करना अनिवार्य है।
सहज जन सेवा केंद्र संचालक आकाश ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत भले ही फर्जीवाड़ा रोकने में मदद मिल रही है, लेकिन कहीं ना कहीं इस व्यवस्था से अभिभावक परेशान हैं। कारण की जिन परिवार में पढ़ाई करने वाले बच्चों की संख्या तीन या चार हैं, और उन परिवार में मोबाइल एक है तो ऐसी स्थिति में छात्रवृत्ति फॉर्म भरने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। क्योंकि ओटीपी व्यवस्था होने के कारण सिर्फ एक छात्रा का ही छात्रवृत्ति फॉर्म भरा पा रहा है। छात्रवृत्ति फॉर्म भरने के लिए विद्यार्थी परेशान हैं। शासन की तरफ से छात्रवृत्ति फॉर्म भरने की तिथि 30 दिसंबर तक निर्धारित की गई है। सर्वर की गड़बड़ी के कारण छात्र छात्राओं को फॉर्म भरने में परेशानी आ रही है।
निचलौल ब्लॉक के बैठवलिया गांव निवासी अनमोल मद्धेशिया ने बताया कि के छात्रवृत्ति फॉर्म भरने में समस्या आ रही है। वह खुद दूसरे के मोबाइल नंबर पर अपना छात्रवृत्ति फॉर्म भरे हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी शंकर लाल ने कहा कि छात्रवृत्ति फॉर्म भरने में पारदर्शिता बरतने के लिए शासन की तरफ से ओटीपी व्यवस्था शुरू की गई है। जिन छात्रों के पास मोबाइल नहीं है। वह अपने सगे संबंधियों के मोबाइल नंबर का प्रयोग कर सकते हैं। यह ध्यान देने की जरूरत है कि जो छात्र मोबाइल नंबर ऐड करा रहे हैं। उसी मोबाइल नंबर पर छात्रवृत्ति से संबंधित सारी जानकारियां दी जाएंगी।