निचलौल। नेपाल के सीमावर्ती गांव पाल्हीनन्दन गाउपालिका पांच सिसवा में शनिवार की सुबह नेपाली सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापा मारा। छापेमारी में भारत से तस्करी कर नेपाल लाए गए करीब 17 लाख रुपये का मोबाइल उपकरण बरामद किया गया। जबकि आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। टीम बरामद मोबाइल उपकरण को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल नंबर 26 के हेडक्वार्टर के सूचना अधिकारी और डीएसपी गोबिंद बहादुर केसी ने बताया कि वेस्ट नवलपरासी में सीमावर्ती गांवों में सख्त निगरानी की जा रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि नेपाल बॉर्डर पर भारत से अवैध तरीके से मोबाइल उपकरण की तस्करी कर सीमावर्ती गांव पाल्हीनन्दन गाउं पालिका पांच सिसवा में छिपाया गया है। इसके बाद टीम के साथ मौके पर जाकर छापा मारा गया तो मौके से 6,000 पीस मोबाइल टेंपर्ड ग्लॉस और मोबाइल कवर बरामद किया गया। आगे की कार्रवाई के लिए बरामद अवैध मोबाइल उपकरणों को महेशपुर कस्टम ऑफिस को सौंप दिया गया है।