परसामलिक। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत महरी घोड़हवा में प्राचीन शिव मंदिर में ग्रामीणों ने वर्षा के लिए सोमवार को शिवलिंग का दुग्धाभिषेक किया। जानकारी के अनुसार, परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत महरी घोड़हवा का प्राचीन शिव मंदिर महरी, लुठहवा, सेखुआनी, बेलभार, मनिकौरा, तरैनी, परसामलिक, असुरैना, पिपरहिया, घोड़हिया, बिशुनपुरा, सेवतरी, मरजादपुर, कुकेसर आदि गांवों के लोगों की आस्था का केंद्र है। लोगों की मान्यता है कि जब क्षेत्र में बरसात नहीं होती है, तो गांव के लोग आसपास के गांवों से हर घर से दूध इकठ्ठा करके शिवलिंग को अभिषेक करते हैं। शिवलिंग के दूध अभिषेक से वर्षा होती है। शिव मंदिर के अध्यक्ष ग्राम प्रधान अशोक यादव ने बताया कि मंदिर बहुत ही प्राचीन है। इस मौके पर पूर्व प्रधान अनिरुद्ध प्रसाद, उमेश यादव, ज्ञानचंद यादव, राधेश्याम, कांशीराम, बेचन यादव, दयानाथ, राम प्रसाद, राघव सहित आदि मौजूद रहे।