तीन दिनों के अंदर बूंदाबांदी के बन रहे आसार, मौसम में होगा बदलाव
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। चिलचिलाती धूप और गर्म हवा के थपेड़े सितम ढह रहे हैं। शनिवार को भीषण गर्मी से धरती तपने लगी। इंसान ही नहीं पशु-पक्षी भी बेहाल नजर आए। अधिकतम तापमान 44 डिग्री पहुंचने से इस सीजन का शनिवार सबसे गर्म दिन रहा। सुबह सात बजे से ही सूर्यदेव ने उग्र तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। दोपहर आते-आते गर्मी बढ़ने लगी। करीब 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली गर्म हवा आमजन को झुलसाती रहीं।
गर्मी के तल्ख तेवरों के चलते दोपहर में सड़कों और बाजारों पर सन्नाटा पसरा रहा। राहगीर पेड़-पौधों समेत अन्य छांव वाले स्थानों पर ठौर तलाशते नजर आए। पंखे व कूलर भी बेअसर साबित हुए। इससे घरों के अंदर भी लोग गर्मी से बेचैन रहे। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आने वाले दिनों में पारे में उछाल दर्ज की जाएगी। भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। तीन दिनों के अंदर बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं। मौसम बदलाव आएगा। गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद दिख रही है।
...
तपिश से कारोबार पर असर
भीषण गर्मी के चलते दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है। तेज धूप व गर्म हवा के चलते ग्राहकों के न निकलने से बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है। व्यवसायी रमेश कुमार ने बताया कि दिन में तेज धूप के कारण सुबह-शाम ही ग्राहक आते हैं। दोपहर में दुकानदारी नहीं होती है। अनुराग बताते हैं कि चौक बाजार ग्रामीण बाजार होने के कारण अमूमन लोग दोपहर में खरीदारी करने निकलते हैं, लेकिन भीषण गर्मी की वजह से ग्राहक दिन में दिखते ही नहीं हैं।
...
ऐसे करें गर्मी से बचाव
अधिक से अधिक पेय पदार्थों का सेवन करें।
हरी सब्जी और ताजे फलों का सेवन करें।
धूप में घर से निकलने से बचें।
खाना खाकर ही घर से निकलें।
घर से बाहर निकलते समय सिर और पैर को ढंके।
लू लगने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लें।