महराजगंज। केएमसी मेडिकल कॉलेज में काउंसिलिंग के जरिए छात्र-छात्राओं ने दाखिला लिया है। दो-चार सीटों को छोड़कर सभी सीटें भर गई हैं। 14 अक्तूबर से एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होगी। 150 सीटों पर दाखिला हुआ है।
काॅलेज प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में पहली बार एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होगी। पीपीपी मोड पर संचालित मेडिकल काॅलेज में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। पहले बैच की पढ़ाई शुरू कराने के लिए कॉलेज प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार मेरिट भी काफी ऊपर रही है। केएमसी मेडिकल काॅलेज में पढ़ाई के लिए अब राजस्थान, बिहार, महराष्ट्र समेत अन्य प्रांतों से छात्र-छात्राओं ने नामांकन कराया है। अन्य सीटें भी जल्द भरने की उम्मीद है। सभी विषयों के शिक्षकों की तैनात की जा चुकी है। स्टाफ की तैनाती भी हो चुकी है।
एसोसिएट प्रोफेसर 22, प्रोफेसर-29, जूनियर रेजिडेंट 76, सीनियर रेसिडेंट 38, असिस्टेंट प्रोफेसर 53, साइकोलॉजिस्ट एक, सांख्यिकी अधिकारी एक की तैनाती है। मेडिकल कालेज में 220 स्टाफ की तैनाती हो चुकी है। वहीं आधुनिक लेक्चर थियेटर में बेहतर सुविधा उपलब्ध है। सभी विभागों के उच्च स्तरीय प्रयोगशाला है। छात्र-छात्राओं को पढ़ाई का बेहतर माहौल देने की हर संभव कोशिश की जा रही है। पुस्तकों से सुसज्जित लाइब्रेरी बनकर तैयार है।
प्राचार्य डॉ. अजय कुमार गहलौत ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। निर्धारित तिथि से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। अनुशासन के साथ काॅलेज कैंपस में बेहतर शैक्षिक माहौल बनाने का प्रयास जारी है।