परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने पति व ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मारपीट व उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर जरलहिया निवासिनी पीड़िता आशिया खातून ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह करीब चार वर्ष पूर्व अब्रान शाह निवासी करमैनी थाना पिपराइच, जनपद गोरखपुर के साथ हुआ था। विवाह के समय उसके पिता ने नकद पांच लाख रुपये, एक बुलेट मोटरसाइकिल व गृहस्थी का सामान दिया था। आरोप है कि शादी के बाद पति अब्रान शाह, ससुर भोला शाह, सास जहीदुन, देवर अलाउद्दीन व इब्राहिम शाह तथा ननदें हसीबुन निशा, हबीबुन निशा, हद्दीसुन निशा व साहिबा निशा चार पहिया वाहन की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते रहे। पीड़िता का कहना है कि करीब 14 माह पहले ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया और धमकी दी कि जब तक चार पहिया गाड़ी नहीं मिलेगी, तब तक घर में नहीं रखेंगे। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।