ज़िला अस्पताल में एक सप्ताह से मैनुअल एक्स–रे मशीन ख़राब, मरीज़ परेशान।संवाद
-जिला अस्पताल में एक्स-रे कराने के लिए घंटे इंतजार के बाद लौटे मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिला अस्पताल में एक सप्ताह से मैनुअल एक्स-रे मशीन खराब है। इसके कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूरदराज से आए मरीजों को एक्स-रे कराने के लिए घंटों इंतजार करने के बाद निराश लौटना पड़ रहा है।
शनिवार को जिला अस्पताल में मैनुअल एक्स-रे मशीन ठीक नहीं थी। डिजिटल एक्स-रे कक्ष के सामने भीड़ अधिक लगी रही। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण उनको लौटना पड़ा। करीब दो घंटे के इंतजार के बाद भी एक्स-रे नहीं हो सका। पहले दोनों मशीनें चलती थीं, तो समस्या नहीं हो रही थी। इधर एक सप्ताह से समस्या हो रही है। गुलाबी देवी ने बताया कि जिला अस्पताल में एक्स-रे कराने के लिए आई थीं। पता चला कि मैनुअल एक्स-रे मशीन खराब है, इसलिए बिना एक्स-रे कराए लौटना पड़ा।
बबीता ने कहा कि एक सप्ताह में सीने में दर्द हो रहा है। एक्स-रे कराना जरूरी है। शनिवार को एक्स-रे कराने के जिला अस्पताल पहुंची, लेकिन दो घंटे इंतजार के बाद भी एक्स-रे नहीं हो सका।
-
मैनुअल एक्स-रे मशीन को ठीक करवाने के लिए विशेषज्ञों को जानकारी दी गई है। जल्द ही इसे ठीक कराया जाएगा।
-डॉ. एपी भार्गव, सीएमएस