ताल में मौजूद मगरमच्छों को भगा रहा, वन विभाग जांच में जुटा
निचलौल। क्षेत्र के दर्जिनियां ताल के बीच स्थित टीले पर बैठे मगरमच्छों और एक शख्स का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में शख्स की हरकतें देखकर लोग हैरान हैं। वन विभाग मामले की जांच में जुटा है।
सोशल मीडिया पर वायरल 29 सेकेंड के वीडियो में सबसे पहले दर्जिनियां ताल के बीच स्थित टीले पर दो मगरमच्छ बैठे दिखाई दे रहे हैं। इसी बीच एक शख्स अपनी बहादुरी दिखाने के लिए कंधों पर गमछा लिए ताल में उतर जाता है। उसके बाद मगरमच्छ बैठे टीले की ओर जाने लगता है। कुछ ही देर बाद शख्स टीले के ऊपर चढ़ जाता है। वहां मगरमच्छों को शख्स के आने की आहट लग जाती है। इसके बाद मगरमच्छ टीले से ताल में छलांग लगाकर भाग जाते हैं।
उप प्रभागीय वनाधिकारी आरसी मलिक ने कहा कि दर्जिनियां पर सुरक्षा को लेकर कर्मचारियों की तैनाती की गई है। ताल में घुस वन्यजीव को छेड़ने की जानकारी मिली है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।