‘निगरानी समिति में सफाईकर्मी को भी बनाएं सदस्य’
महराजगंज। डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार ने शनिवार को कोविड-19 के नियंत्रण, बचाव एवं प्रचार-प्रसार के लिए गठित निगरानी समितियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। डीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 882 तथा नगरीय क्षेत्रों में 134 निगरानी समितियां बनी हैं। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि निगरानी समिति में सफाईकर्मी को भी सदस्य नामित किया जाय। गांव में साफ-सफाई व किट नाशक दवाओं छिड़काव हर हाल में सुनिश्चित हो। कंटेनमेंट जोन में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से छिड़काव हो। संक्रमित व्यक्ति होम आईसोलेशन में है तो उसकी जांच कर लें। अलग रहने की समुचित व्यवस्था है अथवा नहीं। अगर नहीं है तो उस संक्रमित व्यक्ति के लिए पंचायत व प्राथमिक विद्यालय में व्यवस्था बनाई जाय। बीडीओ प्रवासियों की निगरानी रखें और उसकी सूची भी बनाएं। रोजगार सेवक वाच सेंटर के माध्यम से प्रवासी व संक्रमित पर निगरानी करें। आशा कार्यकर्ता, आशा संगीनी व आगंनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा डोर- टू-डोर सर्वे के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी से पूछताछ की। उन्होंने सभी बीडीओ से कहा कि कहीं गरीब असहाय के अंतिम संस्कार में अव्यवस्था हो रही है तो उसका सहयोग प्रदान करें। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, अपर जिलाधिकारी कुन्ज बिहारी अग्रवाल, अपर एसडीएम अविनाश कुमार आदि मौजूद रहे।