जून तक शिक्षक संकुल के विद्यालयों को बनाएं निपुण
अपर राज्य परियोजना निदेशक मधुसूदन फुलगी ने दिए निर्देश
विकास भवन सभागार में हुई बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक
महराजगंज। जून माह तक जिले के सभी शिक्षक संकुल के विद्यालयों को निपुण बना दिया जाए। यह तभी संभव है, जब शिक्षक पूरे मनोयोग से अपना कार्य करेंगे। खंड शिक्षा अधिकारी नियमित रुप से इसका पर्यवेक्षण करें तथा अपने ब्लॉक के विद्यालयों की निपुणता में सहभागी बनें।
ये निर्देश अपर राज्य परियोजना निदेशक मधुसूदन फुलगी ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों की बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि जिले में तैनात किए गए एकेडमिक रिसोर्स पर्सन अपने कार्यक्षेत्र वाले दस-दस विद्यालयों को दिसंबर तक निपुण बनाने का कार्य करें। ऐसा न करने वालों की जवाबदेेही तय की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भी समय-समय पर जिले के विभिन्न ब्लॉकों में भ्रमण कर निपुणता की स्थिति जांचें।
उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न विद्यालयों में कुछ खामियां भी मिली हैं, जिसे विभागीय अधिकारी तत्काल दुरुस्त कराने की दिशा में पहल करें। जो अच्छी स्थिति मिली है, उसे प्रेरणादायी मानते हुए अन्य विद्यालयों को भी बताया जाए जिससे कि वहां भी सुधार दिखे। कायाकल्प व कंपोजिट ग्रांट की धनराशि से स्कूल की कमियों को दूर कराने का कार्य किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि सभी खंड शिक्षा अधिकारी दिए गए निर्देशों का पालन कराएं। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह, जिला समन्वयक बालिका सिंह केके सिंह, एमडीएम शैलेंद्र वर्मा, निर्माण वीरेंद्र सिंह के साथ ही सभी खंड शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।