कुमार विश्वास से शुरुआत तो पंकज उदास से होगा समापन
एक अक्तूबर से शुरू होने वाले महराजगंज महोत्सव में आएंगे कई दिग्गज कलाकार
महराजगंज। एक अक्तूबर से शुरू होने वाला तीन दिवसीय महराजगंज महोत्सव काफी यादगार होने वाला है। जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक जगत के कई नामी हस्तियां प्रस्तुति देंगी।
महोत्सव के पहले दिन कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास शामिल होंगे। दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी गायक दिनेश लाल यादव निरहुआ के अलावा मैथिली ठाकुर शामिल होंगी, जबकि तीसरे दिन समापन अवसर पर पंकज उदास अपनी शानदार गजलों से दर्शकों को भावविभोर करेंगे।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। इस दौरान उन्होंने बताया कि महराजगंज महोत्सव के लिए रूपरेखा तैयार कर ली गई है। प्रत्येक दिन के कार्यक्रमों को तीन सत्रों में बांटते हुए कार्यक्रम का अंतिम रूप तैयार किया गया है। प्रत्येक कार्यक्रम के लिए जिला स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डीएम ने बताया कि बच्चों की ओर से विज्ञान प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं, सोहगीबरवां में जंगल सफारी को बढ़ावा देने के लिए डाक्यूमेंट्री के माध्यम से प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर लगने वाले स्टाल पर फर्नीचर, काला नमक चावल व खादी ग्रामोद्योग के उत्पाद भी बिकेंगे। महोत्सव में आने वाले लोग विभिन्न प्रकार के जायकों का लाभ उठा सकेंगे।
जिला प्रशासन ने तीन दिन तक चलने वाले महोत्सव के लिए आधिकारिक कार्यक्रम को घोषित कर दिया है। महोत्सव को खास बनाने व हर कार्यक्रम को बेहतर व व्यवस्थित ढंग से कराए जाने के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। स्टालों पर जिले के अलावा अन्य जिलों में बनने वाले सामानों का भी प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि लोग उसका लाभ उठा सकें।
एडीएम ने किया महोत्सव स्थल का निरीक्षण
अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने शनिवार को तीन दिवसीय महोत्सव कार्यक्रम के लिए चयनित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टाल, मंच व दुकानों को लगाए जाने के लिए आयोजक मंडल से जुड़े लोगों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आयोजन भव्य तरीके से हो तथा उसे इस प्रकार किया जाए कि लोग उसे लंबे समय तक याद रखें। सभी लोग अपनी जिम्मेदारी को पूरी तत्परता से निभाएं।