यूपी के महराजगंज में एक बुजुर्ग महिला के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बुजुर्ग महिला ने गांव की ही एक महिला और उसके पति पर जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने डीएम से इंसाफ की गुहार लगाई है।
घटना जिले के चौका थाना क्षेत्र के टीकर गांव की है। पीड़ित महिला के बेटे दुखहरन ने डीएम को जमीन हड़पने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। दुखहरन ने बताया कि उसकी मां उम्रदराज है जिसकी वजह से उनको कम दिखाई देता है । इसके अलावा सुनाई भी कम देता। गांव के ही एक दंपत्ति ने मां को बहला-फुसलाकर वृद्धा पेंशन बनवाने का झांसा दिया।
बेटे ने बताया कि वृद्धा पेंशन के लिए मां को निचलौल तहसील ले गए और दलालों की मदद से मां की जमीन अपने नाम बैनामा करा लिया। जब बुजुर्ग महिला को अपने साथ हुए धोखाधड़ी का पता चला तो उसने इसकी शिकायत की। जब स्थानीय स्तर कोपर कोई सुनवाई नहीं हुई तो महिला ने जिले के अधिकारियों से परेशानी बताई लेकिन उसे अभी तक न्याय नहीं मिल पाया है।