श्यामदेउरवा थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में सुनवाई के लिए पेशी पर आया था, अगली पेशी आठ जून को होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। गोरखपुर जिले के कालेसर निवासी माफिया सुधीर सिंह ने बृहस्पतिवार को महराजगंज दीवानी न्यायालय में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में समर्ण कर दिया। कोर्ट ने सुनवाई करते हुए उसे जिला कारागार भेज दिया। पेशी की अगली तिथि आठ जून 2023 तय हुई है। माफिया सुधीर पर गीड़ा थाने में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट में केस दर्ज है। इसके अलावा अन्य केस भी दर्ज हैं।
जिला शासकीय अधिवक्ता ब्रजेंद्र नाथ त्रिपाठी ने बताया कि माफिया सुधीर सिंह के खिलाफ श्यामदेउरवा थाने में वर्ष 2003 में लूट मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी मुकदमे की सुनवाई के लिए पेशी पर वह आया था। न्यायालय ने मामले की सुनवाई करते हुए उसे जिला कारागार में भेज दिया।
सुधीर सिंह शातिर अपराधी है। उसपर गोरखपुर जिले के गीड़ा, कैंट सहित कई थानों में हत्या के प्रयास, हत्या आदि आरोप में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। वह गीड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। उसपर गैंगस्टर, गुंडा की कार्रवाई भी हो चुकी है। उसकी संपत्ति भी जब्त हो चुकी है।
जिले के बदमाशों की टॉप- 10 सूची में भी वह शामिल है। वह पिपरौली ब्लाॅक का ब्लॉक प्रमुख भी रह चुका है। उसे पुलिस ने देवरिया के लिए जिला बदर किया था।