फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: स्थानीय कलाकारों ने संभाला मंच, मचाया धमाल

Sat, 05 Oct 2024 04:49 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महाराजगंज
विज्ञापन
महाराजगंज महोत्सव में गाना प्रस्तुत करती अनन्या सिंह।
विज्ञापन
महराजगंज। पर्यटन एवं सांस्कृतिक विकास परिषद के सौजन्य से आयोजित महराजगंज महोत्सव में शुक्रवार का दिन एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों व स्थानीय कलाकारों के नाम रही। सुबह 10 बजे स्कूली बच्चों ने मंच संभाला और जमकर धमाल मचाया। यह सिलसिला शाम तक चलता रहा।
विज्ञापन

सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ सबसे पहले शांति बाल विद्या मंदिर की छात्राओं के देवा श्री गणेशा...गाने पर समूह नृत्य से हुआ। वो कृष्णा है... गाने पर जूनियर छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सदर की ओर से प्रस्तुत कथक की सराहना लोगों ने मुक्त कंठ से की। एक राधा एक मीरा, ए गिरि नंदिनी, मन वृंदावन गीत पर भी समूह नृत्य की प्रस्तुति के बाद कंपोजिट स्कूल की छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
मिशन शक्ति के तहत बाल विवाह, दहेज, बालिका शिक्षा विषय पर ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। उप कृषि निदेशक वीरेंद्र कुमार के निर्देशन में जैविक/प्राकृतिक खेती के महत्व को दर्शाता कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। जिला उद्यान अधिकारी संजय कुमार रस्तोगी की ओर से फूलों व मसालों की खेती के प्रति जागरूक करने का कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। शाम पांच बजे महराजगंज नाट्य मंच के कलाकारों ने शहीद भगत सिंह का मंचन कर देश प्रेम की अलख जगाते हुए आजादी के लिए दिये बलिदान का चित्रण दर्शकों के समक्ष किया।
विज्ञापन

इस नाटक का निर्देशन अध्यापक पंकज वर्मा तथा सह निर्देशन देवेश पांडेय, शिरोमणि दुबे तथा राकेश सिंह ने किया। भगत सिंह का रोल शिरोमणि दुबे ने तो सुखदेव प्रिंस शुक्ला की भूमिका में नजर आए। अविनाश मिश्र, देवेश कुमार, राकेश सिंह, राधेश्याम, राम वर्मा, आलोक प्रजापति, टिंकू मिश्रा, करन राज विश्वकर्मा, आशीष मौर्या अन्य किरदारों में नजर आए। स्थानीय कलाकार राज पांडेय, मुसौव्वर अली, सत्य प्रकाश, राजाराम भारती, रामसमुझ साहनी व अनन्या सिंह ने विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

विज्ञान प्रदर्शनी के प्रतिभागी पुरस्कृत
गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर काॅलेज में लगी प्रदर्शनी में 32 स्कूलों के माॅडल पुरस्कार के लिए चयनित किए गए। राजकीय इंटर कॉलेज सिंहपुर, मिर्जापुर पकड़ी, सेमरा के विद्यार्थियों की टीम ने नक्षत्रशाला व टेलीस्कोप का अवलोकन कर जानकारी अर्जित की। अनमोल यादव, कौसर, अर्चना, ऋचा ऋतंभरा, नुपुर मिश्रा ने बच्चों की जिज्ञासा को शांत करते हुए उनके प्रश्नों का समुचित उत्तर दिया। विज्ञान प्रदर्शनी के नोडल डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा, एसडीएम शिवा जी यादव, मदन मोहन वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विज्ञान की सभी आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता चयनित किए जा चुके हैं।
शनिवार राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की टीम विजेताओं को पुरस्कृत करेंगी। इसमें माध्यमिक शिक्षा परिषद के विज्ञान शिक्षक भी उपह्थित रहेंगे। महोत्सव के चौथे दिन विज्ञान प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय बहादुर सिंह प्रधानाचार्य एसबीएस इंटर कॉलेज इंटर कॉलेज ने किया। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के संयोजक विंध्यवासिनी सिंह ने विद्यार्थियों के मॉडल की सराहना की। विज्ञान प्रदर्शनी के संयोजक विमल पांडेय ने बताया कि कुल पांच प्रतियोगिताएं संपन्न हुई है।

कवियों के हवाले रहेगा महोत्सव का मंच
महराजगंज महोत्सव का मंच शनिवार की शाम ख्यातिलब्ध कवियों के हवाले रहेगा। अपर जिलाधिकारी डाॅ. पंकज वर्मा ने बताया कि वीर रस व राष्ट्रीयता के भाव को मजबूत करने वाले डाॅ. हरिओम पंवार, हास्य कवि हेमंत पांडेय, भावनाओं को टटोलने वाली गीतकार विभा सिंह, देश प्रेम की सीख देने वाले अभय निर्भीक अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर लोगों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। कवि सम्मेलन का संचालन हास्य कवि सर्वेश अस्थाना करेंगे। कवि सम्मेलन के मार्फत लोग महराजगंज महोत्सव की सुनहरी यादें लेकर वापस लौटेंगे।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सौंपा ज्ञापन
महराजगंज महोत्सव में बृहस्पतिवार रात नौ बजे अक्षरा सिंह ने मंच संभाला, लेकिन रात 12 बजे के आस पास भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को सख्ती बरतनी पडी। इस मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सदर विधायक को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन को दोषी बताते हुए अधिकारियों पर कार्रवाई कराए जाने की मांग की। परिषद के जिला संयोजक शिवम नाथ शर्मा के नेतृत्व में ज्ञापन दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें