- डूडा व नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में आज रैन बसेरा परिसर में होने वाले महोत्सव की तैयारी बैठक में बोले अधिशासी अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिला नगरीय विकास अभिकरण(डूडा) व नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में बृहस्पतिवार को रैन बसेरा परिसर में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों के लिए होने वाले ऋण महोत्सव को सफल बनाने में पालिका के कर्मी सहभागी बनें। अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने का प्रयास किया जाए।
ये बातें नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में डूडा व पालिका से जुड़े लोगों के साथ बैठक करते हुए कही। उन्होंने कहा कि निकायों से आने वाले लाभार्थियों को किसी प्रकार की समस्या न हो। कार्यक्रम को देखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूर्ण करा लिए जाएं। शहरी आजीविका मिशन के प्रबंधक आनंदमय त्रिपाठी ने कहा कि महोत्सव स्थल पर लगभग 500 से अधिक लोगों की भीड़ होगी। इसमें स्वनिधि योजना का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक लाभार्थियों को लाभान्वित किए जाने की व्यवस्था होगी। इस दौरान प्रधान लिपिक मोहम्मद शमीम, रमेश, इंद्रेश, मुकेश आदि मौजूद रहे।
-
लगेगा स्टाल, नुक्कड़ नाटक भी होगा
शहरी आजीविका मिशन के प्रबंधक ने बताया कि महोत्सव स्थल पर शहरी आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन शहरी, श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग व बैंकों का स्टाल भी लगेगा। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को योजना के प्रति जागरूक करने का कार्य होगा।