महराजगंज। बालिका सुरक्षा कार्यक्रमों का दायरा मजबूत करने के लिए हम सभी को सहयोग देना होगा, क्योंकि सामूहिक सहभागिता के जरिये ही बालिका सुरक्षा को रफ्तार दी जा सकती है। यह बातें जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कही। वह सोमवार को डायट सभागार में मिशन शक्ति के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। डीएम ने कहा कि नारी शक्ति को अपनी ताकत पहचानने की जरूरत है। नारी की सबसे बड़ी ताकत आत्मविश्वास है, जिसके बल पर सभी लक्ष्यों की प्राप्ति संभव है। सुरक्षा सम्मान एवं स्वावलंबन का समावेश कर बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है। महिला एवं बाल विकास विभाग से संध्या देवी और रत्ना तिवारी ने मिशन शक्ति आधारित योजनाओं की जानकारी दी। डायट प्रवक्ता अभिजीत सिंह, सुनील कुमार भारती, सूरज मिश्रा, डाॅ. जमील व प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी कन्हैया यादव, सदर बीईओ अंकिता सिंह, सदर कस्तूरबा की वार्डन व शिक्षिकाएं शामिल रही ।