सात लेखपालों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ ही वेतन किया गया था बाधित
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने लेखपालों की समस्या व सात लेखपालों के लंबित वेतन भुगतान को किए जाने की मांग के लिए जिलाधिकारी से सोमवार को मुलाकात की तथा ज्ञापन सौंप कर समस्या को दूर कराने को कहा।
जिलाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने कहा कि लेखपाल संवर्ग ही समस्याओं को लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों से कई बार कहा गया, मगर सिवाय आश्वासन के कुछ नहीं मिला। शिकायतों के निस्तारण का मामला हो या कोई और हमेशा ही लेखपालों को दोषी ठहराते हुए कभी वेतन रोक दिया जाता है तो कभी प्रतिकूल प्रविष्टि दे दी जाती है। सात लेखपालों को प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए वेतन रोका गया है, जिससे उनकी समस्याएं बढ़ गई हैं। ऐसे में लेखपालों की समस्या को निस्तारित करते हुए वेतन का तत्काल भुगतान कराया जाए व प्रतिकूल प्रविष्टि वापस ली जाए। अन्यथा की दशा में लेखपाल संघ अतिरिक्त के कार्यों को न करने के लिए विवश होगा। इस दौरान जिला महामंत्री कृष्णमोहन समेत अन्य लेखपाल भी मौजूद रहे।