महराजगंज। श्यामदेउरवां क्षेत्र के रामपुर चकिया निवासी एक व्यक्ति हैदराबाद में पेंटिंग का काम करता था। शुक्रवार को वह वापस घर आ रहा था कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। एंबुलेंस उसका शव घर लाया गया। शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार रामपुर चकिया निवासी मोहन सिंह 45 हैदराबाद में पेंटिंग का काम करता है। नौ माह पहले वह घर से हैदराबाद गया था। एक सप्ताह पहले उसकी तबीयत खराब हो गई। जानकारी होने पर उसका बड़ा बेटा दिलीप अपने पिता के पास पहुंचा और उनका दवा इलाज कराया। हालत में सुधार होने पर पिता पुत्र दोनों एक साथ घर आने के लिए बस पर सवार होकर निकले। रास्ते में अचानक दोबारा मोहन की तबीयत बिगड़ी और बस में ही उसकी मौत हो गई। दिलीप एंबुलेंस से पिता का शव लेकर घर पहुंचा। रविवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मोहन की मौत से गांव में मातम है। पत्नी चंद्रशिला सहित बड़ा बेटा दिलीप, बेटी चांदनी, छोटा बेटा अमन का रो रोकर बुरा हाल है। संवाद