किशोरी की संदिग्ध हाल में मौत
पनियरा ( महराजगंज)। ग्राम सभा नरकटहा बाजार टोला बुढे़ली में बुधवार को एक किशोरी की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टोला बुढ़ेली निवासी सुनीता (12) घर के पास सड़क पर अचानक गिर गई। उसे परिजन तत्काल पीपीगंज स्थित एक निजी नर्सिंग होम ले गए। हालत गंभीर होने की वजह से चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव के अंतिम संस्कार में जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। उप निरीक्षक हरिश्चंद्र ने बताया कि किशोरी की मौत संदिग्ध होने के कारण शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा की किशोरी की मौत किन कारणों से हुई है।