बाल अपचारियों ने कहा- ऐसी वारदातों से जुड़ी स्टोरी देखकर सीखा साक्ष्य छिपाने का तरीका
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में सात वर्षीय बालिका की हत्या की गुत्थी सुलझी तो सभी का माथा ठनक गया। कच्ची उम्र में इस तरह की हरकत को अंजाम देने की दो किशोरों की कहानी सुनकर हर कोई चौक जाएगा।
बालिका को टॉफी देने का लालच देकर दो बाल अपचारी उसे सूनसान घर में ले गए। दुष्कर्म करने का प्रयास किया। जब कामयाब नहीं हुए तो दीवार पर सिर टकराकर जान ले ली। साक्ष्य छिपाने के लिए उसके चेहरे व शरीर पर एसिड डाल दिया।
पुलिस की पूछताछ में बाल अपचारियों ने बताया कि उन्हें क्राइम और सस्पेंस वाले सीरियल देखने का शौक था। दोनों खाली वक्त में मोबाइल फोन पर यही सीरियल देखते थे। पढ़ने में मन नहीं लगने पर घर वाले भी डांटते थे, लेकिन इन पर कोई असर नहीं होता था। स्कूल के बहाने घर से निकलते थे तो रास्ते में ऐसे सीरियल को देखकर क्राइम करने की योजना बनाते थे। पुलिस के अनुसार दोनों में खूब बनती थी।
पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन दोनों घर से डांट खाकर निकलने थे। गांव में घूमते वक्त दोनों की नजर बालिका पर पड़ी तो दिमाग दूसरी दिशा में चलाने लगा। पहले वाले किशोर ने बालिका को रोका पूछा, कहां जा रही हो। इसके बाद दोनों ने उसे बातों में उलझा लिया। बालिका दोनों की बातों में ऐसी उलझी िक उसे पता ही नहीं चला कि उसके साथ क्या होने वाला है।
पुलिस के अनुसार दोनों के साथ आगे बढ़ी तो गांव में एक सूनसान घर के पास रोकते हुए एक ने बोला यहीं बैठो टॉली लेकर रहा हूं। वह कुछ समझ पाती तब तक दूसरे ने उसे दबोच लिया। उसे मजबूती से पकड़ा तो वह समझ गई की दोनों की नियत ठीक नहीं है। वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी। आवाज तेज होने के कारण एक किशोर से उसका सिर तेजी से दीवार में टकरा दिया। इससे उसकी आवाज धीमी हो गई। खून गिरने पर दोनों किशोर घबरा गए। इसके बाद गला दबाकर उसे मौत की नींद सुला दिया।
घर के बगल गली में मिला था बालिका का शव : 21 जून की सुबह करीब 10:30 बजे सिंदुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव के शख्स ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी 20 जून को सुबह करीब 10:00 बजे से लापता है। काफी तलाश करने के बाद भी वह नहीं मिली। 21 जून की सुबह छह बजे कन्हई वर्मा, हीरा वर्मा व जयराम वर्मा के घर के बीच की गली में उसका शव मिला था।
सिर पर चोट लगने से हुई थी मौत : बालिका के आंख, मुंह, गर्दन व पीठ पर तेजाब डाला गया था। इससे उसका शरीर काला पड़ गया था। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बालिका के सिर में गंंभीर चोट लगने के कारण मौत की पुष्टि हुई है।
हत्या के आरोपी कक्षा नौ के छात्र : सिंदुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली बालिका की हत्या करने के दोनों आरोपी नाबालिग हैं। दोनों सिंदुरिया स्थित एक इंटर काॅलेज में कक्षा नौ के छात्र हैं। दोनों में गहरी दोस्ती है। घर वाले उनसे परेशान रहते थे।