महराजगंज/मिठौरा। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा हरिहरपुर टोला मोतीपुर स्थित देवरिया शाखा की नारायणी नहर पटरी पर बकरी चरा रही वृद्ध मां की हत्या के आरोपी बेटे व बहू को जेल भेज दिया गया। हत्या के पीछे जमीन में हिस्सेदारी थी। मां के हिस्से वाली जमीन मांग रहा था, इसे नहीं मिलता देखकर आक्रोशित हो गया।
जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार की शाम पांच बजे सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा हरिहरपुर टोला मोतीपुर निवासी श्यामदेई (60) देवरिया शाखा की नारायणी नहर पटरी पर बकरी चरा रही थीं। तभी श्यामदेई का बड़ा पुत्र राजकुमार पत्नी राजेश्वरी के साथ बाइक से पहुंचा और दोनों ने पहले मां से नोकझोंक की। कहा कि छोटे भाई को अधिक जमीन मिली है यह बात कहते हुए कुआ से गला रेतकर मां की हत्या की दी। श्यामदेई के पति रामकिशुन साहनी की मौत 12 साल पहले हो गई थी। श्यामदेई के दो पुत्र राजकुमार साहनी और राहुल साहनी हैं। दो पांच साल पहले से ही अगल रहते हैं। श्यामदेई छोटे पुत्र राहुल और बहु सविता के साथ रहती थी।
श्यामदेई के छोटे पुत्र राहुल ने बताया बड़ा भाई राजकुमार अपने ससुराल सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के महुअवा ढाला में पत्नी राजेश्वरी के साथ रहता है। हरिहरपुर और घुघली थाना क्षेत्र के विशुनपुर भड़ेहर में जमीन है, जिसमें एक एकड़ हरिहरपुर और 10 डिस्मिल विशुनपुर भड़ेहर में है। इसमें अपने हिस्से की पांच डिस्मिल जमीन राजकुमार ने 10 जून को बेच दी थी, जबकि हमारे हिस्से की पांच डिस्मिल जमीन अपनी पत्नी सविता के नाम लिख दिया था।
श्यामदेई ने जमीन बेचकर बड़ी बहू का कराया था इलाज
राहुल ने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद मां श्यामदेई का बड़े भाई व बहू राजेश्वरी से झगड़ा होता था। इससे वह मेरे साथ रहने लगी थीं। मां ने कुछ वर्ष पूर्व अपने हिस्से की पांच डिस्मिल जमीन बेचकर बड़ी बहू राजेश्वरी की इलाज कराई थी। मां के छोटे भाई राहुल को रजिस्ट्री करने की बात पर राजकुमार आक्रोशित था। राजकुमार ने दो जुलाई को ही सदर एसडीएम कोर्ट में भाई व मां के विरुद्ध बंटवारे का मुकदमा कराया था। घटना के एक दिन पूर्व ही मुकदमे में तारीख भी थी। कई बार गांव एवं थाने पर समझौता भी हुआ था।